मुजफ्फरनगर। आरोपी के भाइयों की तलाश में शादी वाले घर में पुलिस द्वारा दबिश दिए जाने से गुस्साए लोगों ने एसएसपी दफ्तर पर प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी की बहनों के निकाह के बाद कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने सीओ सिटी को जांच सौंपी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के निवासी लोगों ने शनिवार को एसएसपी दफ्तर पर प्रदर्शन किया। बाद में एसएसपी से मिलकर प्रार्थना पत्र दिया। उनका कहना था कि घर से फरार प्रेमी युगल के मामले में पुलिस ने एक युवक के घर पर दबिश दी, जबकि उसकी दो बहनों का निकाह 15 जनवरी को होना है, घर पर रिश्तेदार आए हुए हैं। प्रेमी युगल को पुलिस ने पहले ही बरामद कर लिया था। आरोपी के भाइयों को भी इस मामले में लपेटा जा रहा है। लोगों ने परिजनों को परेशान करने का आरोप लगाया। मोहल्लेवासियों ने इस प्रकरण में निकाह तक कोई कार्रवाई नहीं करने और निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने सीओ सिटी ने मामले की जांच करवाने का आश्वासन देकर मोहल्लेवासियों को शांत किया।