मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग मीरापुर से बैराज तक क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात के लिए समस्या बन गया है। बृहस्पतिवार रात बैराज से बीआईटी के बीच चार ट्रकों के खराब होने के कारण घंटों जाम लगा रहा।
मीरापुर-बिजनौर मार्ग पूरी तरह गड्ढों में तब्दील चुका है। हाईवे पर बने गड्ढ़ों से भारी यातायात का निकलना परेशानी का कारण बना है। बृहस्पतिवार रात रामराज थानाक्षेत्र में बैराज से बीआईटी तक चार जगह ट्रकों की कमानी आदि टूटने के कारण हाईवे पर जाम लग गया। रात्रि में खराब ट्रकों को हटाने की भी व्यवस्था नहीं हो पाई। देर रात रामराज थानाध्यक्ष आनंद मिश्रा ने पुलिस बल लगाकर किसी तरह यातायात सुचारू कराने का प्रयास किया, लेकिन दिन निकलने पर भी यातायात सामान्य नहीं हो पाया। बिजनौर की ओर आने-जाने वाले वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। करीब दस बजे खराब ट्रकों को हटवा कर हाईवे पर यातायात चल पाया। यही स्थिति मीरापुर-मुजफ्फरनगर मार्ग की बनी है। शासन के आदेशों के बाद भी दोनों हाईवे पर तेजी से काम नहीं चल रहा।