भाविप ने किया सांस्कृतिक सप्ताह का आयोजन
मुजफ्फरनगर। भारत विकास परिषद के विवेक सांस्कृतिक सप्ताह का बृहस्पतिवार को समापन हुआ। इस मौके पर गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन दिवस मनाया गया। शिक्षकों और मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र का निर्माता होते हैं। इनका सम्मान करने से राष्ट्र का गौरव बढ़ता है।
जानसठ रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुराग दुबलिश और विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। विधायक अग्रवाल ने कहा कि गुुरु के बिना कोई मार्ग सफल नहीं होता है। हर युग और हर क्षेत्र में गुरु का सर्वोच्च स्थान रहा है। शिक्षक देश, समाज के निर्माता होते हैं। इनका सम्मान राष्ट्र का गौरव बढ़ाता है। मुख्य अतिथि अनुराग दुबलिश ने कहा कि बेहतर समाज की नींव बेहतर शिक्षा के माध्यम से ही रखी जा सकती है। शिक्षक के मार्गदर्शन से समृद्धशाली, विकासशील, तेजस्वी राष्ट्र का निर्माण होता है। इस दौरान निरुपमा शर्मा, सफिया बेगम, डॉ अनिता अग्रवाल, रीता गोयल, डॉ अनिल गुप्ता, अंजू शर्मा, साधना वर्मा, रुचि शर्मा समेत 17 शिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही 34 मेधावी छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में अविनाश चंद औहरी, विनीत सिंगल, नीता दुबलिश, नवीन सिंघल, मालाचंद्रा, ऊषा गुप्ता, अशोक कुमार, अचिन कंसल, डीके शर्मा आदि मौजूद रहे।