गंदगी बढ़ा रही स्वाइन फ्लू, मलेरिया-डेंगू
मुजफ्फरनगर। शहर में जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर बीमारियां पैदा कर रहे हैं। जिला चिकित्सालय के निकट गंदगी के ढेर को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने आपत्ति जताई है। इसके अलावा भी कई मुख्य प्वाइंटों को लेकर विभाग ने पालिका और प्रशासन को पत्र लिखकर गंदगी दूर किए जाने का आग्रह किया है। विभाग ने माना है कि गंदगी के कारण ही स्वाइन फ्लू, मलेरिया और डेंगू के मरीज बढ़ रहे हैं।
मेरठ, रुड़की रोड के साथ स्वामी कल्याणदेव जिला चिकित्सालय के निकट पालिका के कर्मचारी कूड़ा डालते हैं। आबादी के बीच में कूड़ा डलने से गंदगी तो हो ही रही है, साथ में कई गंभीर बीमारियां भी जन्म ले रही हैं। सबसे अधिक स्वाइन फ्लू और डेंगू का खतरा बढ़ गया है। अस्पताल में गांवों के साथ शहर के भीतर से भी मलेरिया और स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के निकट डाले जाने वाले कूड़े का भी विरोध जताया है। निरंतर गंदगी बने रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, साथ ही यह आम जनता के लिए भी घातक है। जिला मलेरिया अधिकारी और सीएमओ ने नगर पालिका प्रशासन को इस बाबत पत्र लिखा है कि अस्पताल के निकट और रुड़की रोड पर मीनाक्षी चौक, शिवचौक के निकट कूड़ा एकत्र न किया जाए। यहां से सुबह-शाम निरंतर सफाई कराकर चूना डाला जाए, ताकि मच्छरों को पनपने के लिए स्थान न मिल सके। सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने बताया कि अस्पताल के निकट कूड़ा एकत्र होने पर नगर पालिका प्रशासन को पत्र लिखा गया है।