मुजफ्फरनगर। कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कसर कस ली है। डीएम ने जिले के सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दिशा-निर्देश दिए हैं। कांवड़ मेेले में शहर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।
जिला पंचायत सभागार में कांवड़ मेले की तैयारियों के मद्देनजर डीएम जीएस प्रियदर्शी और एसएसपी अनंत देव तिवारी ने मीटिंग ली। डीएम ने कहा कि गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग के किनारे बैरीकेडिंग की जाएगी। विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता शिविर में चार्जिंग प्वाइंट लगाने को कहा गया है। नहर पटरी पर जो हैंडपंप खराब है, उन्हें तत्काल ठीक करा लिया जाए। पीडब्ल्यूडी को कांवड़ के मुख्य मार्ग पर गड्ढे भरने के साथ मरम्मत के निर्देश दिए। इतना ही नहीं, शहर से गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त का रिकार्ड रखा जाएगा। शहर में प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। एसएसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन सतर्कता के साथ ड्यूटी कर। कहा कि कांवड़ शिविर मुख्य मार्गों से दूर बनाए जाएंगे। वहीं, शहर में कैमरों की निगरानी के लिए सीओ सिटी को कमान सौंपी गई है।
जबकि पूर्ति विभाग को भी गैस सिलेंडर, रोडवेज डिपो अधिकारियों को भी कांवड़ यात्रा के दौरान डायवर्ट होने वाले रूट के बारे में बताया गया है। डिपो अधिकारियों से कांवड़ में कहां-कहां से बसें संचालित होंगी। इसके बारे में जानकारी ली गई है। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को भी कांवड़ शिविर और मेडिकल कैंप में पर्याप्त रूप से दवाईयां, चिकित्सकीय स्टॉफ तैनात करने के निर्देश दिए हैं। जनपद की सीमा में पड़ने वाले सभी रेलवे स्टेशनों पर कांवड़ यात्रा के दौरान एंबुलेंस खड़ी की जाएगी। साथ ही अधिकारियों से हाईवे पर पड़ने वाले होटलों का ब्यौरा देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल्द से जल्द रेट लिस्ट तैयार कर चस्पा की जा सके।