‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ के तीसरे चरण में जुटी 11 टीम
मुजफ्फरनगर। ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ का तीसरा चरण शुरू हो चुका है। अभियान के इस चरण में जनपद के समस्त निजी चिकित्सालयों, नर्सिंग होम, निजी लैब, निजी क्लीनिक और दवा की दुकानों पर क्षय रोग विभाग की टीम भ्रमण कर रही है और निजी क्षेत्र में उपचार ले रहे क्षय रोगियों के नोटिफिकेशन के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश चंद गुप्ता ने बताया कि 25 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान के लिए विभाग की ओर से 11 टीम बनाई गई हैं। जनपद में यह अभियान 25 जनवरी तक चलेगा। तीन चरणों में चलने वाले इस अभियान के दो चरण पूरे हो चुके हैं। पहला चरण 26 दिसंबर से एक जनवरी तक चला। इसमें अनाथालय, नारी निकेतन, जिला कारागार, वृद्धआश्रम , मदरसों व रेन बसेरों में कोविड-19 प्रोटोकाल के साथ टीबी व कोरोना संक्रमण की स्क्रीनिंग की गई।
दूसरे चरण में दो से 12 जनवरी तक चलाए गए अभियान में (एक्टिव केस फाइंडिंग) की समीक्षा के लिए सभी सुपरवाइजरों और कोर्डिनेटर्स के साथ बैठक की। एक्टिव केस फाइंडिंग नाम से चले इस अभियान में विभाग की 223 टीम जुटीं और घर-घर जाकर टीबी रोगियों को खोजने के लिए 6.48 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की। स्क्रीनिंग किए गए लोगों में से कुल 2218 लोगों की टीबी की जांच की गई। करीब 96 लोगों में टीबी की पुष्टि हुई। वहीं तीसरे तरण के अभियान में 11 टीम स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाई गई हैं। प्राइवेट नर्सिंगहोम एवं लैब पर आने वाले 274 लोगों की जांच की गई और मेडिकल स्टोर पर विजिट करने वाले 1340 लोगों की जांच की गई।