सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 11 जोड़ों ने लिए सात फेरे
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को खंड विकास कार्यालय प्रांगण में कार्यक्रम आयोजित कर निर्धन परिवारों की 11 कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया गया। विधायक प्रमोद उटवाल व ब्लॉक प्रमुख निशी त्यागी ने वर-वधुओं को आशीर्वाद व शादी के प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
रविवार को आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कस्बा व क्षेत्र के निर्धन परिवारों की 11 कन्याओं का विधि-विधान से वैदिक संस्कारों के साथ पंडित सेवाराम द्वारा विवाह कराया गया। नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से निर्धारित करीब 50 हजार रुपये का सामान भेंट स्वरूप प्रदान किया गया। इस अवसर पर विधायक प्रमोद ऊटवाल ने कहा कि पहले सभी सरकारी योजनाएं महज कागजों पर चलती थीं, जो अब भाजपा सरकार में हर घर व हर पात्र तक पहुंच रहीं हैं। ब्लॉक प्रमुख निशी त्यागी ने कहा कि बेटियों को अच्छी शिक्षा दिलाना बहुत जरूरी है। सभी लोग अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करें।
मुख्य अतिथियों द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों को शादी के प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए। बीडीओ प्रभात श्रीवास्तव, निर्दोष जैन, संदीप गोयल, प्रधान मगन सिंह, अर्जुन सिंह, चरण सिंह, अनूप गोयल, सुक्कड़ सिंह, सुशील त्यागी, अमरीश त्यागी, मुकेश त्यागी, हरीश त्यागी, मयंक गोयल और मेराज खालिद रिजवी आदि मौजूद रहे।