हरियाली से गुलजार होंगे हिंडन के किनारे
मुजफ्फरनगर। प्रदूषित हो चुकी हिंडन की दशा को सुधारने के लिए राष्ट्रीय न्यायिक अधिकरण (एनजीटी) सख्त नजर आ रहा है। एक तरफ जहां इसमें दूषित पानी डालने वाली औद्योगिक इकाइयों पर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, बदहाल हो चुकी नदी की स्थिति में सुधार लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अब हिंडन के किनारे को हराभरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार को मेरठ में एनजीटी के न्यायाधीश प्रमोद कुमार गोयल की अध्यक्षता में हुई जिला उद्यान अधिकारियों की बैठक में मुजफ्फरनगर में हिंडन की दशा सुधारने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने जनपद में निर्देश दिए कि हिंडन नदी के किनारे अधिक से अधिक पौधरोपण किया जाए। जो किसान अपने खेतों में बाग लगाना चाहते हैं उनकी सूची तैयार की जाए। उनसे प्रस्ताव लेकर पौधरोपण कराया जाए। नदी के किनारे के गांवों में खाली पड़ी सरकारी भूमि पर भी अभियान चलाकर पौधरोपण कराया जाएगा। इस निर्देश के बाद उद्यान विभाग ने इच्छुक किसानों के प्रस्ताव लेने शुरू कर दिए हैं। प्रस्ताव संबंधित बीडीओ के माध्यम से दिए जाएंगे।
उद्यान विभाग करेगा सहायता
जिला उद्यान अधिकारी एसी पाठक ने बताया कि हिंडन नदी ब्लॉक चरथावल, शाहपुर, बुढ़ाना तथा बघरा की सीमा से होकर गुजरती है। ब्लॉक के बीडीओ से इस संबंध में किसानों के प्रस्ताव लेने के लिए कहा गया है। नदी के किनारे पौधरोपण होगा, तो इससे प्रदूषण की रोकथाम होगी। उद्यान विभाग पौधरोपण में सहायता करेगा। किस तरह किसानों की सहायता की जाएगी यह उच्च अधिकारियों की बैठक में तय होना है। जल्द ही इस संबंध में बैठक होगी।