करंट लगने से तीन मवेशी मरे, दो गंभीर झुलसे
मोरना। जानसठ मार्ग पर स्थित विद्युत खंभे में आए करंट की चपेट में आने से तीन मवेशी मर गए तथा दो पशु गंभीर रूप से झुलस गए। करंट दौड़ने से घरों में ग्रामीणों के कीमती विद्युत उपकरण फुुंक गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर विद्युत अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ककरौली क्षेत्र के गांव खुजेड़ा में विजयपाल पुत्र रणधीर के पशु मकान के बाहर खूंटों से बंधे हुए थे। इसी दौरान वहां स्थित हाईटेंशन लाइन के खंभे में करंट उतर गया। विद्युत करंट चारों ओर फैल गया। आसपास के घरों में विद्युत उपकरण टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन आदि धमाके के साथ फुंक गए, जिससे ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीण विजयपाल की एक गाय, दो कटिया तेज करंट की चपेट में आकर मर गई व दो कटिया गंभीर रूप से झुलस गई, जिनकी हालत चिंताजनक बनी है। ग्रामीण संजीव, उमेश, अनिल ने बताया कि उनके घरों के कीमती विद्युत उपकरण जल गए हैं। इस कारण आर्थिक नुकसान हुआ है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। विजयपाल ने ककरौली विद्युत केंद्र के अवर अभियंता के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। लोकेश कुमार, कैलाशचंद, राजकुमार, विपिन, प्रवीण, श्यामसिंह, अनिल आदि ग्रामीणों ने कार्रवाई के साथ मुआवजे की मांग की है।