संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस-पीएसी तैनात
शाहपुर। डीएम-एसएसपी ने बुधवार को कस्बे में पहुंचकर कांवड़ यात्रा को लेकर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस-पीएसी तैनात करने के साथ ही एस-7 व एस-10 सदस्यों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए।
डीएम राजीव शर्मा व एसएसपी अनंतदेव ने कस्बे का निरीक्षण किया। सबसे पहले दोनों अफसर पुलिस चौकी पर पहुंचे, जहां उन्होंने इंस्पेक्टर केपी सिंह से कांवड़ यात्रा के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली। कानून व्यवस्था के मद्देनजर क्षेत्र में 60 एसपीओ के साथ ही एस-7 व एस-10 के सदस्यों की ड्यूटी लगाई गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि संवेदनशील माने जाने वाले गांव सांझक व तावली, कस्बे का मंसूरपुर तिराहा, मोहल्ला इस्लामाबाद व कस्सावान में पुलिस के साथ ही पीएसी बल को तैनात किया गया है। कांवड़ यात्रा पर नजर रखने के लिए पुलिस चौकी को ही कंट्रोल रूम बनाया गया है। मौके पर मौजूद नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी ने बताया कि सफाई व्यवस्था के लिए 24 घंटे सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं। पेयजल आपूर्ति के साथ ही मोबाइल शौचालय भी उपलब्ध कराए गए हैं। दोनों अफसरों ने सभी एसपीओ, एस-7 व एस-10 सदस्यों को लाठी के साथ ही टॉर्च भी रखने के निर्देश दिए। नगर पंचायत ईओ ओम गिरि, एसआई सचिन त्यागी, मनोज सैनी, संजय सौदाई, अनुज अग्रवाल व कपिल सैनी मौजूद रहे ।
ट्रक खराब होने से लगा जाम
शाहपुर। कस्बे के मेन चौक पर बुधवार दोपहर अचानक एक ट्रक खराब हो गया। सड़क के बीचोबीच खड़े खराब ट्रक के कारण कुछ ही देर में मुजफ्फरनगर-बड़ौत मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर केपी सिंह ने टीम के साथ मिलकर रूट डायवर्ट करते हुए मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाले वाहनों को वाया सोरम निकलवाया। इसके बाद मैकेनिक को बुलाकर ट्रक ठीक कराकर जाम खुलवाया गया।