एमजी में स्पोर्ट्स डे में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
मुजफ्फरनगर। एमजी पब्लिक स्कूल प्राइमरी विंग में दो दिवसीय स्पोर्ट्स डे का भव्य शुुभारंभ हुआ। खेलों में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कैराना सांसद हुकुम सिंह को दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
एमजी पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय स्पोर्ट्स डे समारोह का पारंपरिक ढंग से शुभारंभ हुआ। समारोह के प्रथम दिन प्राइमरी विंग कक्षा एक से कक्षा पांच तक के छात्र-छात्राओं ने जहां विभिन्न स्पोर्ट्स एक्टिविटी का सुंदर प्रदर्शन किया, वहीं बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा को भी प्रदर्शित किया। समारोह के अवसर पर कक्षा तीन, चार और पांच की छात्राओं ने अतिथि एवं अभिभावकों के स्वागत के लिए वेलकम डांस की सुंदर प्रस्तुति दी। इसके उपरांत कक्षा एक से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों ने डबल ड्रिल का सुंदर और मनमोहक प्रदर्शन कर तालियां बटोरी। तत्पश्चात नर्सरी के छोटे-छोटे बच्चों ने सुंदर पोशाकों में सज-धजकर नृत्य प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं का म्यूजिकल ड्रिल विद अम्ब्रेला आकर्षक रहा। मास पीटी को भी सराहना मिली। समारोह के समापन पर छात्र-छात्राओं ने %तिनका-तिनका सा उड़ेंगे% गीत पर डांस प्रस्तुति दी। उधर, स्कूल चेयरमैन सतीश चंद गोयल ने इस अवसर पर दिवंगत सांसद बाबू हुकुम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानाचार्य जीबी पांडे ने कहा कि कार्यक्रम को सुंदर बनाने में जितनी मेहनत स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ ही बच्चों ने की है, उतना ही योगदान इन बच्चों के अभिभावकों का भी रहा है। कार्यक्रम में प्राइमरी विंग की इंचार्ज बेला आनंद, कोर्डिनेटर मोनिका गर्ग, एक्टिविटी इंचार्ज बबीता वर्मा सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सहयोग रहा। एंकरिंग कक्षा आठ की छात्रा प्रियांशी और छात्र नचिकेता ने की।