राम रहीम को सजा होने पर जिले में अलर्ट
मुजफ्फरनगर। रोहतक जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सीबीआई कोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने पर जिले में भी अलर्ट घोषित कर दिया गया गया। एसएसपी ने जिले के तमाम थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में गश्त करने करने के निर्देश दिए। शहर के दोनों नाम चर्चा घरों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। हालांकि जिले में कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ, फिर भी पुलिस डेरा समर्थकों पर नजर रखे हुए है।
सोमवार को कोर्ट का फैसला आते ही जिले में भी अलर्ट घोषित कर दिया गया। सभी थानाध्यक्ष अपने क्षेत्रों में भ्रमण पर निकल गए। सभी चीता मोबाइल को इलाके में निकालने के निर्देश दिए गए। गांधी कालोनी और कृष्णापुरी स्थित डेरा समर्थकों के नाम चर्चा घरों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया, ताकि यहां कोई डेरा समर्थक एकत्र न हो। शहर की तीनों थानों की पुलिस ने भी चेकिंग अभियान चलाया। जिले में कहीं भी विरोध प्रदर्शन की सूचना नहीं है। एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि जिले में भी अलर्ट घोषित है। कहीं कोई गडबड़ी की सूचना नहीं है, बावजूद पुलिस डेरा समर्थकों पर नजर रखे हुए है। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के सतर्क रहने के निर्देश दिए गए है।
स्टेशन, रोडवेज अड्डे पर भी चला चेकिंग अभियान
मुजफ्फरनगर। राम रहीम को सजा सुनाए जाने पर स्टेशन और रोडवेज पर भी चेकिंग अभियान चलाया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर सोनी शर्मा और जीआरपी थानाध्यक्ष किशन अवतार ने फोर्स के साथ स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध लोगों की तलाशी ली। ट्रेनों में भी चेकिंग की गई। रोडवेज बस स्टैंड पर भी एआरएम बीपी अग्रवाल और राजकुमार तोमर ने कर्मचारियों के साथ चेकिंग अभियान चलाया।