पानी के पॉली पाउच की बिक्री पर रोक
मुजफ्फरनगर। शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा की आड़ में खाद्य-पेय पदार्थों से गोरखधंधा किया जा रहा है। शहर में प्रतिबंधित पॉली पाउच में पानी बेचा जा रहा है। पॉली पाउच का पानी पीने योग्य नहीं है। इसको लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, कई दुकानों, सोडा शिकंजी, जूस विक्रेताओं के स्टाल की भी जांच की गई। नींबू, पुदीना से लेकर पानी के बारे में टीम ने जानकारी ली।
एक्सपायर कोल्डड्रिंक्स के बाद अब विभाग की टेंशन पानी ने बढ़ा दी है। शहर में कई स्थानों पर पॉली पाउच में पानी बिकता मिला है, जो गैरकानूनी होने के साथ ही स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। हाईवे के होटल, ढाबों समेत भोजनालयों में इस पानी का प्रयोग किया जा रहा है। इसको लेकर विभागीय अधिकारियों ने गहनता से जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को टीम ने अराव आर्य आरओ प्लांट और मेरठ रोड पर सितार त्यागी के वाटर प्लांट पर छापामारी की। यहां पानी को शुद्ध बनाने के लिए लगे प्लांट और उसकी प्रक्रिया की जांच के साथ ही पॉली पाउच की जांच की गई।
जबकि बुधवार को छपार हाईवे से लेकर रामपुर तिराहे तक सड़क के दोनों किनारों पर खड़े होने वाले जूस, पानी विक्रेता, सोडा शिकंजी के स्टॉल की भी जांच की गई। कई शिकंजी विक्रेताओं से नींबू, सोडा पानी और पुदीना के बारे में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने शुद्ध जल और पुदीना का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। डीओ विनीत कुमार ने बताया कि एक्सपायर कोल्डड्रिंक के बाद शहर में बिकने वाले पानी को लेकर जांच-पड़ताल शुरू की गई है। गैरकानूनी तरीके से कार्य करने वाले कारोबारी या व्यापारी पर कार्रवाई होगी।