भोपा (मुजफ्फरनगर)। शराब के कारोबार को बंद कराने की मांग को लेकर महिलाओं ने भोपा थाने पर प्रदर्शन किया। थाना प्रभारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। शुक्रताल के प्रधान सुशील शर्मा, पूजा, राजपाल सैनी, मुकेश, उमा, फूलमती, रीता, असरफी, कुसुम, असरफी आदि ने भोपा थाने पर प्रदर्शन करते हुए बताया कि तीर्थनगरी में अवैध शराब का कारोबार बडे़ पैमाने पर चल रहा है। गंगा खादर क्षेत्र में शराब लाकर अपने घरों पर मॉडल शॉप की तरह गिलास में शराब परोसते हैं, जिसे पीने के बाद शराबी बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी करते हैं।
धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
भोपा। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने फर्जी इकरारनामा कराकर किसान की भूमि हड़पने की कोशिश करने और गन्ना काटने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सिताबपुरी के ओमप्रकाश ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी भूमि पर फसल भी खड़ी है। एक फरवरी को वह तहसील जानसठ में किसी काम से गया तो पता चला कि चंद्रपाल निवासी भोकरहेड़ी ने उसके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति का फोटो लगा अपने हक में उसकी भूमि का इकरारनामा करा लिया, जिसमें धर्मेन्द्र निवासी फिरोजपुर, मुजफ्फर खां निवासी भोकरहेड़ी गवाह बने हैं और जिस व्यक्ति का फोटो लगाया गया वह ओमप्रकाश निवासी रायपुर थाना लक्सर का रहने वाला है। उक्त चारों ने फर्जी तरीके से कथित दस्तावेज तैयार कर उसकी भूमि का इकरारनामा करा लिया और उसका 80 क्विंटल गन्ना काट लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा कायम कर जांच की जा रही है।