फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुलायम ने दिखाई भाजपा से और नजदीकी

Sat, 23 Mar 2013 11:34 PM IST
लखनऊ/ब्यूरो/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव लगातार भाजपा के साथ अपनी बढ़ती नजदीकी के संकेत दे रहे हैं।
विज्ञापन


संसद में भाजपा की कई नीतियों को ‘अपने नजदीक’ बताने और बेनी प्रकरण में भाजपा की शह के बाद केंद्र सरकार को मुश्किल में डालने के बाद उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी की प्रशंसा के पुल बांधे हैं।

मुलायम ने भाजपा के वरिष्ठ नेता आडवाणी की प्रशंसा करते हुए अपने बेटे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को नसीहत दी है कि राज्य का प्रशासन दुरुस्त करें।

उन्होंने यह भी कहा, ‘ भाजपा के लोग चाहते हैं कि प्रदेश में हमारी सरकार अच्छी तरह से चले। यह पूरी तरह से सच्चाई है।’

मुलायम ने शनिवार को यहां डॉ. राममनोहर लोहिया की 103वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कहा, ‘आडवाणी साहब कहते हैं कि यूपी की हालत बहुत खराब है और वहां भ्रष्टाचार आम है...।
विज्ञापन


जब आडवाणीजी जैसा सीनियर लीडर ऐसी बात कहता है तो मेरे लिए यह विचारणीय है। वह कभी झूठ नहीं बोलते। वह हमेशा सच कहते हैं... मैंने कई बार यह बात कही है। अब मैं दिल्ली जाकर उनसे मिलूंगा।’

आडवाणी के विचारों को सामने रखते हुए मुलायम ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री प्रदेश की कानून व्यवस्था और प्रशासन को संभालने में नाकाम होता है तो सब उसे कमजोर शासक कहेंगे।

उन्होंने अखिलेश से कहा, ‘ऐसे सरकार नहीं चलती। कड़ाई करो। राज का काज सीधेपन से नहीं होता। कोई अधिकारी अपना नहीं। शासन में रहोगे तो यह चापलूसी करेंगे। नहीं रहोगे तो जानते ही हो क्या होता है।’

मुलायम ने अखिलेश से कहा कि अधिकारियों को जिम्मेदार बनाओ। काम न करें तो इनसे सख्ती करो। मुख्यमंत्री का काम नीति बनाना है। लागू करने की जिम्मेदारी अधिकारियों की है। जो नतीजा न दे, उसको सजा दो। सब ठीक हो जाएगा।

सपा सुप्रीमो ने सरकार को भी कामकाज सुधारने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मंत्री अपना काम कर रहे हैं। पार्टी का और जनता का नहीं। मुलायम बोले, ‘मैं बता देना चाहता हूं कि बड़े नेताओं और मंत्री बनने वालों की बदौलत हमारी सरकार नहीं बनी।

सरकार सड़कों पर संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं की बदौलत बनी है। इनकी उपेक्षा ठीक नहीं है।’ उन्होंने कहा कि जब तक अधिकारियों और मंत्रियों को मुख्यमंत्री का डर नहीं होगा, वे काम नहीं करेंगे। मुलायम ने पार्टी नेताओं, मंत्रियों और अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई।

भाजपा के प्रति सपा के उदार होते जा रहे विचार और मुलायम द्वारा आडवाणी की तारीफ को देख कर जानकार कह रहे हैं कि आने वाले दिनों में केंद्र की राजनीति के समीकरण बदल भी सकते हैं।

इससे पहले बृहस्पतिवार को सपा के महासचिव राम गोपाल यादव ने भी कहा था कि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार अपने सहयोगियों को साथ लेकर चलने के मामले में वर्तमान कांग्रेस-नीत यूपीए से बेहतर थी। उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में अटल बिहारी वाजपेयी के काम करने के ढंग को ज्यादा बेहतर बताया था।

दिल्ली में यूपी से ज्यादा क्राइम
मुलायम सिंह यादव ने अपने भाषण में कांग्रेस पर भी हमला किया और कहा कि दिल्ली में उत्तर प्रदेश की तुलना में 10 गुना ज्यादा अपराध हैं, लेकिन वहां की कोई बात नहीं करता।

यूपीए सरकार को सपा भले ही बाहर से समर्थन दे रही हो, लेकिन नेताजी यह कहने से नहीं चूके कि यह एक कमजोर सरकार है। इसके रहते देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं हैं।

कांग्रेस ने किया किनारा
सपा के बदले रुख पर कांग्रेस ने चुप्पी साध ली है। कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी ने शनिवार को यहां कहा कि हम इस मामले में कुछ कहना नहीं चाहते। हो सकता है कि सपा की सोच यह हो, लेकिन कांग्रेस के विचार ऐसे नहीं हैं।
विज्ञापन


उन्होंने कहा, ‘क्या कोई किसी को बयान देने से रोक सकता है?’ क्या सपा नेताओं की बातों से मानना चाहिए कि पार्टी का झुकाव भाजपा की ओर बढ़ रहा है, इस पर अल्वी ने कहा, ‘यह जवाब तो सपा को देना है।’
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें