फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर मोर्चे पर मुलायम ने मोदी को घेरा

Sun, 02 Mar 2014 08:31 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
समाजवादी पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को हर मोर्चे पर घेरा। रविवार को परेड मैदान में आयोजित महारैली में लगभग 40 मिनट के भाषण में मुलायम ने मोदी के भाषणों, उनके विकास के दावों पर तीखा प्रहार किया।
विज्ञापन


भाजपा पर देश में सांप्रदायिकता फैलाने का आरोप लगाया तो कांग्रेस को देश की सीमाओं की रक्षा करने में असफल करार दिया।

मुसलमानों को अपने पक्ष में करने के लिए उन्होंने सारे जतन किए। हिन्दू, मुस्लिम एकता की बात छेड़ सबको जोड़ने की भी कोशिश की।

भाजपा में चुनाव लड़ने लायक नेता नहीं

रविवार को ही लखनऊ में आयोजित भाजपा की रैली फ्लाप बताने वाले मुलायम सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी की लखनऊ रैली के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर भीड़ जुटाने की कोशिश की गई जबकि सपा की रैली में लोग पैदल, साइकिल से चलकर पहुंचे। उन्होंने यूपी में मुफ्त शिक्षा का वादा भी किया।

मुलायम का भाषण भेदभाव भुलाकर लोकसभा चुनाव जिताने के संदेश के साथ शुरू हुआ। फिर सीधे नरेंद्र मोदी पर प्रहार करने लगे। कहा कि भाजपा के पास चुनाव लड़ने लायक नेता नहीं है इसलिए कांग्रेस और दूसरे दलों के नेताओं को तोड़कर टिकट दिए जा रहे हैं। बिहार में रामविलास पासवान को सात सीटें देकर यह साबित भी किया है।

अपने भाषण में मुलायम ने मोदी को नीचा दिखाने का एक भी मौका नहीं छोड़ा।

गुजरात की नदियां सबसे गंदी

नेशनल सर्वे के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा देश में अगर नदियों, महिलाओं और बच्चों की स्थिति कहीं सबसे ज्यादा खराब है तो वह गुजरात है। वहां नदियां में सबसे ज्यादा गंदगी है। 37 प्रतिशत महिलाएं और 50 प्रतिशत बच्चे कुपोषण का शिकार हैं।

अस्पतालों में इलाज का इंतजाम अच्छा नहीं है, 89 प्रतिशत महिलाएं मजदूरी कर रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुकाबले वहां मजदूरों को मेहनताना भी कम मिलता है और मोदी घूम-घूम कर गुजरात की तारीफ कर रहे हैं, जबकि यूपी और बिहार के लोगों से ही गुजरात में काम हो रहे हैं।

सीमाओं की सुरक्षा के मसले पर कांग्रेस को भी घेरा। कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस हमेशा पीछे रही। देश की सीमा पर घुसपैठ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोनिया पर पक्षपात का आरोप

मुलायम ने सोनिया गांधी पर पक्षपात का आरोप लगाया। कहा कि सोनिया ने लखनऊ से रायबरेली तक तो सड़क चौड़ी कर दी लेकिन वहां से इलाहाबाद तक सड़क छोड़ दी। यह काम प्रदेश सरकार कराएगी। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को निर्देश भी दिया।

कहा कि यूपी में 18 मुख्यालयों को हाईवे से जोड़ा जाए। मुलायम बोले सपा की कथनी और करनी में फर्क नहीं है। पार्टी ने जो वादे किए उसे पूरा किया।

पदोन्नति में आरक्षण के मामले पर बोले कि संसद में इस मामले में भाजपा, कांग्रेस एकजुट हो गए। सिर्फ सपा ने विरोध किया।

किसानों, गरीबों को साधा

रैली में मुलामय सिंह ने किसानों और गरीबों को साधने का प्रयास किया। कहा कि उत्तर प्रदेश में खेतों की सिंचाई के लिए किसानों को पानी मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है।

तेजी से हो रहे विकास के क्रम में घटती जमीन पर भी उन्होंने चिंता जताई। कहा कि आस्ट्रेलिया, अमेरिका के गेहूं से यहां लोगों का पेट नहीं भरेगा। खेती के लिए जमीन सुरक्षित करनी होगी।

केंद्र में उनकी सरकार बनी तो बेकार पड़ी जमीनों पर खेती के लिए सुविधाए दी जाएंगी, जो किसान उस पर खेती करने में सफल होगा, जमीन उसके नाम कर दी जाएगी। बोले देश की सीमाओं का रक्षा भी किसान और गरीब का बेटा कर रहा है। वहां किसी उद्योगपति का बेटा नहीं जाता।
विज्ञापन

सपाइयों को भी किया होशियार

रैली के जरिए मुलायम सिंह यादव ने पार्टी के नेताओं को भी होशियार किया। कहा कि पार्टी के नेता, पदाधिकारी, थाने, तहसील, कलक्ट्रेट की राजनीति न करें, यह शोभा नहीं देता, इससे बदनामी होती है। अगर कोई शिकायत है तो सीधे डीएम, एसएसपी से बात करें।

जनता से जिताने की अपील
परेड मैदान में जुटी भीड़ से मुलायम सिंह यादव ने मजबूती के साथ दिल्ली भेजने की अपील की। कहा कि चुनाव में जितने ज्यादा सदस्य जीतकर लोकसभा में पहुंचेंगे, गरीब, किसान, बेरोजगारों का भला होगा। यूपी और बिहार ऐसे प्रदेश हैं जो देश की राजनीति बदल सकते हैं। भाजपा और कांग्रेस के पास बहुमत नहीं है, जिससे वह घबराए हुए हैं। ऐसे में ठान लें और संकल्प लेकर सब एकजुट होकर उम्मीदवारों को मजबूती के साथ जिताएं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें