फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुख्तार अंसारी ने कराई माफिया डॉन ब्रजेश के भाई की हत्या!

Thu, 04 Jul 2013 11:52 AM IST
वाराणसी/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
पूर्वांचल के माफिया डॉन ब्रजेश सिंह के चचेरे भाई सतीश की उसके गांव धौरहरा के पास बुधवार की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बदमाश दो बाइकों से भाग निकले।
विज्ञापन


सतीश के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने ब्रजेश के धुर विरोधी आगरा जेल में बंद विधायक मुख्तार अंसारी समेत तीन लोगों पर साजिश रचने और चार अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

ब्रजेश इन दिनों मकोका के तहत तिहाड़ जेल में बंद है। आपराधिक अतीत वाले सतीश की हत्या के बाद पूर्वांचल में मुख्तार और ब्रजेश गुट के बीच गैंगवार की आशंका बढ़ गई है।
विज्ञापन


ब्रजेश के भतीजे सुशील सिंह ने भी आरोप लगाया है कि हत्या मुख्तार अंसारी ने ही कराई है।

गौरतलब है कि चार मई को ब्रजेश के बेहद करीबी अजय खलनायक पर वाराणसी में जानलेवा हमला हुआ था जिसमें आरोपी का संबंध मुख्तार अंसारी और मुन्ना बजरंगी से बताया जा रहा है।

चाय पीने घर से बाहर निकला था सतीश
धौरहरा निवासी राम अवतार सिंह का बड़ा बेटा सतीश (42) रोज की तरह बुधवार की सुबह सात बजे चाय पीने और अखबार लेने के लिए घर से कुछ दूर साधु की कुटी के लिए पैदल ही निकला था।

रास्ते में दो बाइक पर सवार चार शूटरों ने उसे घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय खेत में मौजूद एक युवक ने शोर मचाया तो बदमाशों ने उसकी तरफ पिस्टल तान दी। असलहा देखते ही वह खेत में लेट गया।

सूचना पर एसएसपी अजय मिश्रा, एसपी ग्रामीण प्रदीप कुमार फोरेंसिक टीम और चौबेपुर थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से नाइन एमएम और थर्टी बोर के सात खोखे बरामद किए।

'मुख्तार अंसारी ने रची साजिश'
सतीश के बेटे अजय ने चौबेपुर थाने में तहरीर दी। उसने आरोप लगाया है कि मुख्तार अंसारी के इशारे पर उसके पिता को गांव के इंद्रदेव सिंह उर्फ बीकेडी, सभासद विनोद भारद्वाज और गाजीपुर के सतीश सिंह ने मारा है।

जेल में मुख्तार से इन शूटरों को गाजीपुर के अतुल राय और वाराणसी के सुधीर सिंह ने मिलवाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मारा गया सतीश सिंह चौबेपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ 1984 में इंद्रदेव के पिता हरिहर सिंह की हत्या और कचहरी में माया शंकर सिंह पर हमले का मुकदमा दर्ज है। क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की टीम शूटरों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें