मेरठ। मेरठ में व्यापारी की हत्या करने आया एक लाख इनामी अलीगढ़ निवासी जुबैर बुधवार सुबह एसटीएफ से हुई मुठभेड़ में मारा गया। उसने 24 दिसंबर 2025 को अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में शिक्षक राव दानिश हिलाल की गोली मारकर की थी। शिक्षक राव दानिश हिलाल मुरादाबाद जिले की ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक मोहम्मद उल्ला के दामाद थे।
एएसपी एसटीएफ बृजेश सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह चार बजे सूचना मिली थी कि जुबैर मेरठ में एक व्यापारी की हत्या करने आया है। वह साथी के साथ मेरठ के अलीपुर रोड पर बंद फैक्टरी के पास खड़ा है। एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ की टीम ने पुलिस उपाधीक्षक विमल कुमार सिंह के निर्देश पर जुबैर की घेराबंदी शुरू की गई। टीम ने जुबैर को आत्मसमर्पण करने को कहा।
जुबैर और उसके साथी ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग कर दी। एसटीएफ की जवाबी कार्रवाई में जुबैर गोली लगने से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज मेरठ ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, उसका साथी मौके से भाग गया। जुबैर मूलरूप से अलीगढ़ जिले के बरला थानाक्षेत्र के गांव नौशा का रहने वाला था। वह फिलहाल शाहीन बाग दिल्ली में रह रहा था। टीम ने मौके से अपाचे बाइक, दो पिस्टल 32 बोर, दस खोखा 32 बोर और पांच कारतूस बरामद किए। जुबैर पर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन ने एक लाख रुपये का ईनाम घोषित किया था। जुबैर मुनीर गैंग का सक्रिय सदस्य था। उसके खिलाफ हत्या, लूट और डकैती की 43 प्राथमिकी दर्ज हैं।
24 दिसंबर 2025 को की थी शिक्षक की हत्या
एएसपी ने बताया कि जुबैर ने 24 दिसंबर 2025 को अपने साथियों के साथ मिलकर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शिक्षक राव दानिश हिलाल की गोली मारकर हत्या की थी। उसने वर्ष 2018 में भी उसने अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर अलीगढ़ विश्वविद्यालय के छात्र शावेज की गोली मारकर हत्या की थी। दोनों मामलों में अलीगढ़ के थाना सिविल लाइन में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इनके अलावा उसके खिलाफ दिल्ली और अलीगढ़ के विभिन्न थानों में कई आपराधिक वारदात की प्राथमिकी दर्ज हैं। बुधवार को हुई मुठभेड़ के संबंध में मेरठ के लोहियानगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।