पाकबड़। कैलसा रोड स्थित बिरयानी की दुकान पर बुधवार को यूट्यूबर उस्मान भारती की टीम और युवकों के बीच मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि यूट्यूबर की टीम ने एक युवक को पकड़ कर ई-रिक्शा पर बैठाया और बीच सड़क पर मारपीट करते हुए उसे थाने तक ले आए। जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया और पुलिस ने लाठी फटकर जाम खुलवाया। यूट्यूबर उस्मान भारती बुधवार को अपनी टीम के साथ कैलसा रोड स्थित बिरयानी की दुकान पर पहुंचे। इसी दौरान पास की टेबल पर बैठे कुछ अन्य युवकों ने यूट्यूबर और उनकी टीम के सदस्यों पर कमेंट्सबाजी कर दी। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई लेकिन देखते ही देखते मामला मारपीट में तब्दील हो गई।
उस्मान भारती की टीम में शामिल महिला सदस्यों और अन्य साथियों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसे पीटते हुए रिक्शा में बैठा लिया। उसे पीटते हुए थाने की ओर ले जाने लगे। इस घटना से कैलसा रोड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। थाने के बाहर और मुख्य मार्ग पर लोगों के हुजूम और बढ़ते हंगामे की सूचना मिलते ही पाकबड़ा पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जमीन पर लाठियां पटकार भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस के इस कड़े रुख के बाद ही सड़क पर लगा जाम खुल सका। पाकबड़ा थाने की पुलिस ने शमी और इमरान के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की है। संवाद