पाकबड़ा (मुरादाबाद)। देवी-देवाओं पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने वाले पाकबड़ा निवासी यूट्यूबर आमिर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने आमिर टीआरटी नाम से यूट्यूब पर चैनल बना रखा है। आरोप है कि उसने साधु संतों की वेशभूषा धारण कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और हिंदू देवी-देवताओं को अपमानित किया है।
पाकबड़ा के हाशमपुर चौराहा निवासी आमिर ने आमिर टीआरटी नाम से सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वीडियो को वायरल किया। भाजपा कार्यकर्ता अमन ठाकुर ने दो दिन पहले इस मामले को लेकर एक्स पर पोस्ट किया था। इसके बाद करणी सेना और बजरंग दल के कार्यकर्ता दीपक कश्यप, राजीव ठाकुर, राहुल कुमार और सचिन ने पाकबड़ा में पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। करनपुर निवासी दीपक कश्यप की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया जिसमें बताया गया कि आमिर अपने यूट्यूब चैनल पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी आमिर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जमानत मिल गई।
00
पिता बसपा नेता, इंटर पास आमिर के 58 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर
मुरादाबाद। संभल की महक परी की तरह लाइक्स कमेंट्स और सब्सक्राइबर बढ़ाने के लिए अभद्र व अश्लील वीडियो बनाने वाले पाकबड़ा निवासी आमिर पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। बसपा नेता शकील अहमद के इंटर पास बेटे आमिर ने आमिर टीआरटी नाम से यूट्यूब पर चैनल बनाया जिसपर 58 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं।
00
इन धाराओं में हुई कार्रवाई
मुरादाबाद। पाकबड़ा थाने की पुलिस ने दीपक कश्यप की तहरीर पर आमिर के खिलाफ बीएनएस की धारा 197 (1) राष्ट्रीय अखंडता पर प्रतिकूल प्रभाव डालने, 353 (2) (धार्मिक सद्भाव खराब करना), 352 (अपमानित करना) और आईटी 67 के तहत केस दर्ज किया गया है। नए कानून के तहत पुलिस ने इन धाराओं में आमिर को थाने से नोटिस देकर जमानत दी। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई करते हुए एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है।