अगवानपुर (मुरादाबाद)। कांठ रोड स्थित भटावली में निर्माणाधीन पुल के पास रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दीपक (29) की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त सुनील घायल हो गया। दीपक अपने दोस्त के साथ अपनी ससुराल में बच्चों से मिलने जा रहा था।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के शेरुआ धर्मपुर निवासी दीपक मजदूरी करता था। उसके परिवार में पत्नी सीमा और दो बच्चे राधिका व रचित हैं। छोटे भाई गौरव ने बताया कि दीपक की पत्नी अपने बच्यों के साथ मायके गई थीं। रविवार को दीपक डिलारी के फाजलपुर स्थित अपनी ससुराल में बच्चों से मिलने बाइक से जा रहा था।
दीपक के साथ उसका दोस्त सुनील भी था। रविवार रात करीब आठ बजे भटावली के पास निर्माणाधीन पुल के पास अनियंत्रित रोडवेज बस ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक चला रहा सुनील दूर जा गिरा, जबकि पीछे बैठा दीपक वहीं सड़क पर गिर गया और बस उसे कुचलते हुए निकल गई। इस दौरान राहगीरों ने बस का नंबर नोट कर लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को काॅसमाॅस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात करीब दो बजे दीपक की इलाज के दौरान मौत हो गई। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि तहरीर के आधार पर बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।