भगतपुर। दलपतपुर-अलीगंज मार्ग पर विलावाला गांव के निकट मंगलवार सुबह एक डंपर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरद्वारा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उदावाला गांव निवासी अर्पित 22 उत्तराखंड के काशीपुर क्षेत्र के महुआखेड़ा गंज स्थित एक निजी फैक्टरी में मजदूरी करता था। वह रोजाना की तरह मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे बाइक से ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था। बताया कि वह जैसे ही विलावाला गांव के निकट पहुंचा तभी तेज गति से आ रहे डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पाकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे व घायल को उपचार के लिए सीएचसी ठाकुरद्वारा ले गए जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक पांच भाई बहनों में सबसे छोटा था। थाना प्रभारी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। अर्पित की मौत से उसकी मां कमलेश, भाई रुपेश, बहन वाला, सविता एवं कंचन बेहद दुखी थे और उनकी आंखों में आंसू नहीं रख रहे थे।