मुरादाबाद। पत्नी ने शराब पीने को लेकर टोका तो एक युवक ने अपने घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में कुंडे के सहारे गले में रस्सी का फंदा लगा खुदकुशी की कोशिश की। उसे गंभीर हालत में यहां जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।
संभल जिले के थाना बनियाठेर के ग्राम चंदौसी अशोक नगर निवासी अमित यादव (25) पशु पालन का काम करते हैं। परिवार वालों के मुताबिक बृहस्पतिवार अमित सुबह शराब पी ली। इस पर उसकी पत्नी ममता ने उसे टोका। इस बात को लेकर दोनों की कुछ कहासुनी हो गई। दोपहर में अमित अपने दो मंजिल मकान पर गया और वहां कमरे के कुंडे में रस्सी के सहारे फंदा लगा कर आत्महत्या की कोशिश की। अमित के साले दारा ने बताया कि इसी बीच उसकी पत्नी छत पर पहुंच गई और उसने उसका पैर पकड़ कर उठा लिया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया। सभी ने मौके पर पहुंच उसके गले से फंदा निकाला और आनन-फानन जिला अस्पताल भर्ती कराया। जहां उसकी दशा गंभीर बनी हुई है।