पीड़ित महिला ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराए केस में बताया कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है। करीब छह माह पहले एक महिला शुगर की दवा लेने के लिए उसे अपने साथ उत्तराखंड के बाजपुर ले गई थी। बाजपुर में अनीता नाम की महिला मिली थी। अनीता अपने फार्म हाउस पर ले गई थी। इसके बाद अनीता ने पीड़िता से फोन पर बातचीत शुरू कर दी थी। करीब चार माह पहले अनीता ने कॉल की और बताया कि वह एक लड़के को उसके पास घी लेकर भेज रही है।
एक दिन महिला के मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि उसे बाजपुर से अनीता ने भेजा है और रेलवे स्टेशन पर खड़ा है। इसके बाद महिला आरोपी से मिलने उसके पास चली गई। आरोपी ने अपना नाम सुरेश बताया और कहा कि उसकी पत्नी की भी मृत्यु हो चुकी है। आरोपी ने अपने माथे पर टीका और हाथ में कलावा बांध रखा था। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई थी। आरोपी उसे होटल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद आरोपी ने पीड़िता से कहा कि वह बार-बार यहां नहीं आ सकता है। उसे कोई कमरा किराये पर दिला दीजिए। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी को सिविल लाइंस क्षेत्र में ही दो हजार रुपये में एक कमरा किराये पर दिला दिया। यहां आरोपी ने पीड़िता को बार-बार बुलाकर दुष्कर्म किया। एक दिन आरोपी ने पीड़िता से कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है। दो दिन बाद शादी कर लेंगे। इसके बाद आरोपी कहीं चला गया और उसने कॉल उठानी बंद कर दी। तब महिला ने किसी दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से कॉल की तो आरोपी ने फोन उठा लिया और अपना नाम खलील बताया।
आरोपी और सहयोगी महिला पर केस
इसके बाद पीड़िता को शक हो गया कि आरोपी ने धर्म छिपाकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। पीड़िता ने इसकी शिकायत अनीता से की तो आरोपी ने उसे धमकी दी कि अगर कहीं शिकायत की तो वह वीडियो वायरल कर देगा। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी खलील उर्फ सुरेश और अनीता के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।