‘मोना (मोहिनी) यह एक-एक गोली सल्फास की है, जो मैं खा रहा हूं, यह तेरा दिया हुआ दर्द है। मैं जिंदगी में कुछ भी सुन सकता हूं, लेकिन अपने मां-बाप के बारे में गालियां नहीं। तूने कहा न तुम मरो या जियो मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता, तो आज मैं मरने जा रहा हूं। सिर्फ तेरी वजह से। मेरी मौत की जिम्मेदार मोहिनी तू, तेरी बहन सोना और तेरे पापा रामवीर सिंह तुम तीनों हो। मेरे मम्मी पापा तुम कभी इन्हें छोड़ना मत। कभी इन्हें छोड़ना मत प्लीज।’ यह कहते हुए मुनीष शर्मा ने सल्फास की गोलियां खा लीं और उसकी जान चली गई। यह वीडियो रविवार को वायरल हुआ जिसे मुनीष ने आत्महत्या से ठीक पहले बनाया था।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार निवासी रेस्टोरेंट मैनेजर मुनीष शर्मा (34) का शव शनिवार सुबह रामगंगा स्थित उसके किराये के मकान में पड़ा मिला था। पास में सल्फास की कुछ गोलियां मिलीं थीं। मुनीष के भाई सुशील की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था, जिसमें जहर की पुष्टि हुई थी। मुनीष ने आत्महत्या क्यों की, शनिवार को यह स्पष्ट नहीं हो सका था। हां, मुनीष के भाई ने इतना जरूर बताया था कि पति-पत्नी में विवाद हुआ था, लेकिन उसकी असली वजह किसी को पता नहीं थी।
रविवार को मुनीष की मौत से ठीक पहले के दो वीडियो वायरल हुए। इसमें वह अपने किराए के मकान के कमरे में बेड पर बैठ कर सल्फास की गोली खाने के साथ-साथ अपना दुख बयां करता दिखाई दे रहा है। इसमें एक वीडियो एक मिनट 54 सेकेंड का है। इस वीडियो में वह सल्फास की गोलियां चबा-चबा कर खा रहा है और बोतल से पानी भी पी रहा है। इस वीडियो में मुनीष अपनी पत्नी के लिए यह भी कह रहा है कि मैंने बहुत प्यार किया तुझसे, लेकिन तूने कुछ नहीं। मुनीष ने वायरल इस वीडियो के अंत में कहा है कि हाय मेरे पेट में तू छुरा भोंक कर दिल्ली गई है न, सब पता चलेगा। तुझे तेरी बहन को तेरे पापा को। सब को। खत्म कर ली मैंने अपनी जिंदगी।
मैं जा रहा हूं तुम्हारी जिंदगी से, तुम खुश रहना...बस
मुनीष का दूसरा वीडियो 43 सेकेंड का है। इसमें वह कह रहा है कि मैं जा रहा हूं, तुम्हारी जिंदगी से, तुम खुश रहना बस। वीडियो में सल्फास की शीशी दिखाते हुए कह रहा है कि सल्फास है जो मैं खा रहा हूं।
चार पर रिपोर्ट दर्ज
रेस्टोरेंट मैनेजर मुनीष की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मोहल्ला हिमगिरि बसेरा कॉलोनी निवासी मृतक के पिता सत्यनारायण शर्मा की तहरीर पर मुनीष की पत्नी मोहिनी, ससुर रामवीर सिंह, साले गोलू व साली सोनल सिंह के खिलाफ मुनीष को आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
दर्ज रिपोर्ट में मुनीष के पिता ने कहा है कि उसके पुत्र का विवाह कांशीराम नगर निवासी रामवीर की पुत्री मोहिनी के साथ छह मई 2019 को हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही मोहिनी के विचार परिवार वालों से न मिलने के कारण उसका पुत्र मोहिनी के साथ किराये का मकान लेकर अलग रहने लगा था। इसके बाद भी मोहिनी, उसके पिता, भाई और बहन सब मिलकर उनके लड़के को प्रताड़ित करते थे।
कई बार उनके पुत्र ने घर आकर यह बात बताई थी। शनिवार को उनके पुत्र की हालत खराब होने की सूचना पड़ोस में रहने वालों ने दी थी। पहुंचने पर उसकी मौत की उन्हें जानकारी मिली। मोहिनी घर पर नहीं थी। घर में रखे रुपये व जेवर भी गायब थे। एसएचओ सिविल लाइंस नवल मारवाह ने बताया कि मृतक के पिता ने अपने पुत्र की मौत का जिम्मेदार उपरोक्त सभी को बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की थी। इसके आधार पर मृतक की पत्नी, साले, साली व ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।