एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि कटघर के देवापुर निवासी राजू सैनी का कई दिन से पत्नी पूनम से शराब पीने को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार की सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
इसके बाद वह घर से बिना खाना खाए चला गया था। दिन भर उसने खेत पर काम किया और शाम करीब पांच बजे घर लौटा। उसने देखा कि घर में पत्नी मौजूद नहीं है। वह उसे देखने के लिए घर के पास ही घेर में चला गया था। वहां पत्नी पशुओं के लिए चारा तैयार कर रही थी।
उसने अपनी पत्नी से कहा कि घर चलकर खाना दे दो, लेकिन पूनम ने यह कहकर मना कर दिया है कि अभी उसने खाना नहीं बनाया है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। उसने घेर में ही रखा फावड़ा उठा लिया और एक के बाद एक तीन बार महिला के सिर पर वार कर दिए।
इस हमले में पूनम की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से भागा नहीं और वहीं बैठ गया। आस पड़ोस के लोग भी मौके पर आ गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सीओ कटघर वरुण कुमार और कटघर थाना प्रभारी विनोद कुमार मौके पर पहुंच गए और फोरेंसिक टीम भी बुला ली।
टीम ने जांच पड़ताल की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के भेज दिया है। पूनम की दो बेटियां और दो बेटे हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है। एसपी सिटी कुमार रण विजयसिंह ने बताया कि आरोपी राजू को गिरफ्तार कर फावड़ा भी बरामद कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में हत्या करने की बात कबूल कर ली है। पूनम की बेटी की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।