बिजनौर जिले के नजीबाबाद थाना क्षेत्र के जैतूलाला शेखुपुरा निवासी विपिन सागर की शादी 15 साल पहले नागफनी के झारखंडी मंदिर के पास रहने वाली पूजा के साथ हुई थी। दंपती की दो बेटियां परी, भूमि और एक बेटा सम्राट है। पूजा की मां प्रेमवती ने पुलिस को बताया कि विपिन शराब पीकर आए दिन पूजा के साथ मारपीट करता था। जिससे तंग आकर पूजा अपनी बेटियों को लेकर मायके में आ गई थी।
बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे विपिन घर आ गया। उस वक्त परिवार के अधिकतर लोग सो रहे थे। पूजा की मां का कहना है कि विपिन ने पूजा पर घर चलने का दबाव बनाया। पूजा ने उसके साथ जाने से इन्कार कर दिया तो विपिन घर से चला गया। कुछ देर बाद विपिन दोबारा घर पहुंचा तो नशे की हालत में था। उसके हाथ में ब्लेड थी। वह पूजा की हत्या करने की धमकी देने लगा। प्रेमवती पुलिस को बुलाने थाने चली गईं।