भगतपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम मिलक निबाड़ खास निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के ससुराल वालों ने मृतक के भाई एवं अन्य परिवार वालों पर संपत्ति के विवाद में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं मृतक के भाई का कहना है कि उसने जहर का सेवन कर आत्महत्या की है। पुलिस ने शव को पंचायतनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मिलक निबाड़ खास निवासी बलवीर के अनुसार रविवार को उनकी मां तारावती का तेरहवीं कार्यक्रम था जिसके लिए काफी रिश्तेदार घर पर एकत्र थे। बताया कि कार्यक्रम के बाद परिजन आपस में बैठकर बात कर रहे थे इसी दौरान उसका भाई विनोद 28 वर्ष किसी बात से नाराज होकर वहां से चला गया एवं कुछ देर के बाद उन्हें सूचना मिली कि विनोद ने जहर का सेवन कर लिया है।इसके बाद वे उसे एक निजी चिकित्सक के यहां लेकर गए जहां उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ जिसके बाद परिजन उसे मुरादाबाद के अस्पताल में ले गए जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पंचायतनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं मृतक के ससुराल वालों व उसकी पत्नी का आरोप है कि संपत्ति के विवाद में विनोद के परिवार वालों ने अपने अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर विनोद को जहर दे दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पंचायतनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है एवं अभी तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।