मुरादाबाद। सिपाही कपिल कुमार की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को उनकी कांस्टेबल मंगेतर से पूछताछ की। महिला सिपाही ने बताया कि मंगलवार दोपहर वह चौकी में बैठी थीं। इसी दौरान कपिल पहुंचे। उनके हाथ में रायफल थी। उन्होंने कोई बात नहीं की, सिर्फ इतना कहा कि तुम अपना देख लेना, मैं जा रहा हूं। वह कुछ समझ पातीं इससे पहले ही दाहिनी कनपटी से रायफल सटाकर गोली मार ली। यह पूरा घटना क्रम 30 सेकेंड में हो गया।
महिला कांस्टेबल ने बताया कि गोली लगते ही कपिल लहूलुहान होकर गिर पड़े। महिला सिपाही चीखते ही बाहर निकलीं और गोली की आवाज सुनकर अन्य पुलिसकर्मी भी चाैकी की ओर भागे। माैके पर पहुंचकर देखा तो कपिल को गोली लगी थी। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। महिला सिपाही ने अपने मंगेतर से किसी भी तरह का विवाद होने की बात से इन्कार किया है।
00
कपिल के परिजनों ने महिला सिपाही पर लगाए आरोप
सिपाही कपिल की माैत के बाद मेरठ से उनके परिजन मुरादाबाद पहुंच गए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बात की। उन्होंने कहा कि उनके बेटे को परिवार की ओर से कोई परेशानी थी। कपिल के पिता और भाई ने पुलिस अफसरों को बताया कि कपिल ने महिला कांस्टेबल की वजह से जान दी है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि परिवार के लोग महिला कांस्टेबल पर आरोप लगा रहे हैं, लेकिन उन्होंने कोई लिखित शिकायत नहीं की है। उन्होंने कहा कि वह अंतिम संस्कार करने के बाद दोबारा मुरादाबाद आकर तहरीर देंगे।
-
सिर को चीरती हुई निकली थी गोली
पुलिस ने बुधवार को सिपाही कपिल कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराया। गोली का प्रवेश और निकास स्थान जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया। बुधवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि सिपाही ने अपनी दाहिनी कनपटी के ऊपर सिर में रायफल सटाकर गोली मारी थी। गोली सिर को चीरते हुए बायीं ओर से बाहर निकली गई थी। इसके कारण कपिल की जान नहीं बच सकी।