अपने चुनावी भाषण में मुरादाबाद वासियों को रिझाने के लिए उन्होंने पीतल उद्योग के विकास की बात कही। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद के पीतल उद्योग को नई नीति से जोड़कर आगे बढ़ाने का काम करेंगे, जिससे मुरादाबाद प्रगति कर सके। विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा - सपा-बसपा ने पिछले 15 सालों में गर्त में डाला। कैराना की घटना प्रदेश में दोहराई नहीं जाएगी। भाजपा जनता के विकास में लगी है। पिछले आठ महीने इसका सुबूत है। जनता उसे समझ रही है और भाजपा के साथ खड़ी है।
मंच पर पहुंचते ही योगी ने भारत माता की जय के नारे के साथ लोगों को अपनी ओर मुखातिब कराया। करीब आधा घंटे के भाषण में कोई विवादास्पद बात न कहते हुए योगी ने विपक्षियों और उनकी पूर्व की नीतियों पर निशाना साधा। भगवान राम के सहारे अपनी चुनावी नैया पार लगाने से यहां भी मुख्यमंत्री ने कोई चूक नहीं की। उनकेे भाषण का समापन भी जय श्री राम के उद्घोष के साथ हुआ। इससे पहले अपने भाषण में भी भगवान राम और आयोध्या को याद करते हुए उन्होंने कहा कि समय दूर नहीं जब प्रदेश में राम राज्य की स्थापना होगी। पूरे प्रदेश में अयोध्या जैसी दिवाली मनाई जाएगी, प्रत्येक जिला अयोध्या जैसा जगमगाएगा, 24 धंटे प्रदेश को बिजली मिलेगी।
'प्रदेश के विकास में लगी है भाजपा सरकार'
योगी ने मंच से अपने विकास की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार तुष्टिकरण की नीति पर सत्ता में नहीं आई है। इसलिए वह सर्वसमाज के विकास की बात करती है। विपक्षी उसकी इस नीति से घबराए हुए हैं इसलिए वह वोटों के ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहे हैं। लेकिन भाजपा का एकमात्र लक्ष्य प्रदेश का चहुंमुखी और बिना भेदभाव के हर वर्ग का विकास करने का है। इसी में वह लगी हुई है।