सांसद दानिश अली का बसपा से निलंबन
अमरोहा के सांसद कुंवर दानिश अली संसद और संसद के बाहर भी चर्चा रहे। संसद में जोरदार तरीके से अपनी बातों को रखने के लिए सुर्खियों में रहे। दानिश अली संसद के हर सत्र में अपनी बात रखते रहे। संसद में दानिश अली के खिलाफ भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी के बयान की भी खूब चर्चा रही। इस प्रकरण को लेकर दानिश अली की राहुल गांधी से मुलाकात भी सुर्खियों में रही।
वहीं छह अगस्त को अमृत भारत स्टेशन के तहत अमरोहा रेलवे स्टेशन परिसर में हुए कार्यक्रम में दानिश अली भाजपा एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो से भिड़ गए थे। दोनों नेताओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई थी। ये विवाद दिल्ली से लेकर लखनऊ तक चर्चा में रहा। इनके सबके बीच साल के आखिर में बसपा सुप्रीमो ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया।
एक साल में आजम को तीन बार सजा
सपा के कद्दावर नेताओं में शुमार आजम खां को एक साल में तीन बार सजा सुनाई गई वहीं उनके बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम को कोर्ट ने दो बार सजा सुनाई है। एक मामले में आजम खां की पत्नी पूर्व राज्यसभा सांसद तजीन फात्मा को भी सजा हो चुकी है।
वर्ष 2023 में आजम खां और उनके बेटे को पहली सजा 13 फरवरी को सुनाई गई थी। इस मामले में कोर्ट से 2 जनवरी 2008 को आजम खां अपने परिवार के साथ मुजफ्फरनगर में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। छजलैट थाने के सामने वाहन चेकिंग के दौरान आजम खां की गाड़ी पुलिस ने रुकवा ली थी। इसके विरोध में आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम सड़क पर धरने पर बैठ गए थे।
इसकी सूचना मिलने पर आसपास के जनपदों से सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। आरोप था कि आम जनता को उकसा कर सड़क जाम करते हुए बवाल किया था और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की थी। इस मामले में कोर्ट ने आजम खां और अब्दुल्ला आजम को दो-दो साल की सजा सुनाई थी।
15 जुलाई को नफरती भाषण के मामले में आजम खां को दो साल कैद की सजा सुनाई गई। इस साल 18 अक्तूबर को आजम खां को दूसरी सजा अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र के मामले में सुनाई गई। इसमें आजम खां, उनकी पत्नी तजीन फात्मा और बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम को सात-सात साल की सजा सुनाई थी। इस मामले में तीनों अलग-अलग जेलों में बंद हैं।