कांठ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को मिली नई एक्सरे मशीन 34 दिन के बाद भी इंस्टॉल और स्थापित नहीं हो पाई है। इस कारण घायलों और रोगियों को निजी सेंटरों पर एक्सरे कराने पड़ रहे हैं।
कांठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पीएचसी से सीएचसी का दर्जा मिले काफी समय हो गया। लेकिन यहां आज तक एक्सरे की सुविधा नहीं हो पाई। कांठ और उमरी कलां नगर पंचायतों के साथ ही क्षेत्र की चार पीएचसी और विकास खंड छजलैट क्षेत्र की 82 ग्राम पंचायतें सीएचसी से सीधे जुड़ी हैं। विधायक कमाल अख्तर ने इस मुद्दे को विधानसभा सत्र के दौरान रखा था। इसके बाद 22 जुलाई को करीब पंद्रह लाख की नई एक्सरे मशीन सीएचसी में आई थी। लेकिन 34 दिन के बाद भी यह गत्ते के बॉक्स में बंद पड़ी है। मंगलवार को सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे एडी स्वास्थ्य डॉ. आशु अग्रवाल ने भी एक्सरे मशीन को देखते हुए इस इंस्टॉल और स्थापित कराने के निर्देश दिए हैं।
कोट
एक्सरे मशीन को इंस्टॉल करने के लिए लखनऊ से इंजीनियर के आने का इंतजार है। इस संबंध में इंजीनियर से बात भी हुई है। पूरा प्रयास है कि सितंबर के पहले सप्ताह में एक्सरे मशीन को संचालित करा दिया जाए। - डॉ. राजीव सिंह चिकित्सा अधीक्षक सीएचसी, कांठ