गुन्नौर के गांव विचपुरी में अखाड़े में कुश्ती से पहले पहलवानों से हाथ मिलवाते अतिथि। स्रोत आयो
गुन्नौर। गांव बिचपुरी सैलाब में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शनिवार को दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में आसपास के पहलवानों ने शिरकत कर अपने दमखम और दांव-पेंच का प्रदर्शन किया। एक के बाद एक कुश्ती देख कर दर्शक बार-बार तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन करते नजर आए। छोटे-छोटे बाल पहलवान भी अखाड़े में उतरे और अपने दम से दर्शकों का मन मोह लिया।मुख्य अतिथि डॉ. धर्मपाल सिंह ने पहलवानों से हाथ मिलाकर दंगल का आरंभ कराया। इसके बाद स्थानीय और बाहरी पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। आयोजन समिति के मनोज यादव ने बताया कि बिचपुरी सैलाब में हर वर्ष जन्माष्टमी पर कुश्ती दंगल का आयोजन होता आ रहा है। उन्होंने कहा कि कुश्ती भारतीय संस्कृति की गौरवशाली धरोहर है, लेकिन यह धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही है। ऐसे आयोजनों के जरिए कुश्ती को जीवंत रखने का प्रयास किया जा रहा है।
अतिथि विकास यादव ने विजेता पहलवानों को इनाम देकर सम्मानित किया। दंगल के रेफरी सुरेश पहलवान रहे। जबकि आयोजन में मदन महाराज, राम खिलाड़ी भगतजी, पोशाकी सिंह सहित अन्य का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।