बिलारी। सहसपुर के निजी नलकूप स्वामी विद्युत उपभोक्ताओं ने सोमवार दोपहर बाद तहसील पहुंचकर एसडीएम और एसडीओ विद्युत संबंधी समस्याओं का ज्ञापन दिया।ज्ञापन में क्षेत्रीय विद्युत कर्मियों पर उपभोक्ताओं की समस्याओं को अनदेखी करने का आरोप लगाया गया जांच कराकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
सहसपुर गांव की आबादी के दक्षिण में स्थित जंगल में सहसपुर निवासी नसीर अहमद, लियाकत,अल्ताफ, अबरार, सादिक, नीरज कुमार आदि के निजी विद्युत नलकूप लगे हुए हैं। इन नलकूपों को सहसपुर विद्युत उपखंड में आने वाले सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि विद्युत लाइन के तार पुराने और जर्जर हैं अक्सर लाइन के तार टूटकर गिरने से ब्रेकडाउन होता रहता है। सोमवार को इन्हीं पीड़ित नलकूृप उपभोक्ताओं ने अधिकारियों को अपनी मांगों का ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया कि बीती दस अप्रैल को विद्युत लाइन का जर्जर तार टूटकर गिर जाने से एक किसान के डनलप में लगे हुए बैल की मौत हो गई थी। बैल स्वामी पीड़ित किसान को विद्युत विभाग से आज तक मुआवजा नहीं मिल पाया।
ज्ञापन में कहा गया कि बीती 29 जून को एक पानी भरे खेत में करंट प्रवाहित जर्जर तार टूटकर गिर गया था। उस समय खेत में धान की रोपाई कर रही एक महिला विद्युत करंट के झटके से बेहोश हो गई थी। सहसपुर के रकबे में ही आबादी के पूरब में ईंट भटठे के निकट टूटे विद्युत तार की चपेट में आकर लगभग दो माह पहले एक ईंट भटठा मजदूर की मौत हो गई थी। ग्रामीणों की लगातार मांग के बाद भी विद्युत लाइनों के जर्जर तार नहीं बदले जा रहे हैं। एसडीएम प्रिंस वर्मा ने एसडीओ विद्युत को उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
विद्युत उपखंड बिलारी के एसडीओ अजय कुमार चौरसिया ने बताया कि एसडीओ विद्युत सहसपुर अवकाश पर हैं। उन्होंने सहसपुर और सफीलपुर दोनों विद्युत उपकेंद्रों के अवर अभियंताओं से जांच रिपोर्ट मांगी है। यह भी जानकारी देने को कहा है कि कितनी लंबाई के विद्युत तार जर्जर हैं और खंड कार्यालय से नए तार मंगवाने के लिए मांग पत्र कब भेजा गया है।