बिलारी। तहसील सभागार में सोमवार सुबह सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों की कुल 42 शिकायतें दर्ज की गईं। मौके पर केवल छह शिकायतों का ही निस्तारण हो पाया। शेष 36 शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बिलारी में लगे इस समाधान दिवस में जिला मुख्यालय से सीडीओ और एडीएम प्रशासन के आने की जानकारी तहसील कार्यालय से मिली थी लेकिन दोनों में से कोई अधिकारी नहीं पहुंच पाया। खास बात यह रही कि विभिन्न सरकारी विभागों का जिला स्तरीय कोई अधिकारी नहीं पहुंच पाया। दिवस में कुल दर्ज 42 शिकायतों में से सर्वाधिक 15 शिकायतें राजस्व विभाग की थीं इनमें से कई राजस्व अभिलेखों में कृषकों के नामों में संशोधन होना और चकरोड पर अवैध कब्जा होने से संबंधित थीं। 12 शिकायतें आपूर्ति विभाग की आईं जिनमें से कई नए राशन कार्ड न बनने और राशन कार्डों में नए यूनिट शामिल न होने से संबंधित थीं। दिवस में पुलिस विभाग की छह,समाज कल्याण विभाग की पांच और विकास विभाग की चार शिकायतें आईं।