बिलारी। नागरिक परिषद बिलारी की ओर से शुक्रवार सुबह नगर के गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।वक्ताओं ने देश के प्रति राष्ट्रपिता के योगदान के बारे में बताया। इस दौरान शोकसभा में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत में सबसे पहले नागरिक परिषद के संयोजक डाॅ. राकेश रफीक, शिक्षक नेता जगतनारायण शर्मा, प्रेम कुमार फतेहपुर नत्था, चौधरी उदयपाल सिंह, शकील अहमद साबरी और मुन्ना श्रोती ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। डाॅ. राकेश रफीक ने कहा कि महात्मा गांधी भारत राष्ट्र के बंटवारे के खिलाफ थे। उनका मकसद हर हालत में भारत राष्ट्र की एकता को बनाए रखना था। डाॅ. राकेश ने आगे कहा कि महात्मा गांधी ने आजादी मिलते वक्त कहा था कि भारत के गांव अभी स्वतंत्र नहीं हुए हैं लिहाजा उनकी भी लड़ाई लड़ी जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राकेश जैन और संचालन डा. जितेंद्र दक्ष ने किया। कार्यक्रम में डाॅ.मीनाक्षी सखी, अशोक सिरोही, देवेंद्र गांधी, हुकुम सिंह, अचिंत कुमार मुन्ना, प्रदीप वर्मा, प्रेम कुमार, तिलकराज चांदना, रघुनाथ सरन सक्सेना, रणजीत यादव, नोमान जमाल, कफील इदरीसी, शमशाद हुसैन, रूबी चौधरी, राजपाल यादव आदि ने भी विचार रखे। इस दौरान नागरिक परिषद के प्रेम कुमार द्वारा रखे गए उपवास को कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जूस पिलाकर खत्म कराया। कार्यक्रम में एवरग्रीन कोहिनूर इंटर कॉलेज बिलारी और माइंडस आई इंटरनेशनल नीमरी के छात्रों ने राष्ट्र भक्ति के गीत प्रस्तुत किए।
तहसील परिसर में शहीदों की स्मृति में हुई शोकसभा
बिलारी। स्थानीय तहसील परिसर में सभागार के सामने शुक्रवार सुबह शहीदों की स्मृति में शोकसभा का आयोजन किया गया। केंद्रीय गृह मंत्रालय के पत्र के पालन में एडीएम सिटी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी करके कहा था कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण रखा जाए। इसी उपलक्ष्य में तहसील परिसर में आयोजित शोकसभा में शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। शोकसभा में एसडीएम विनय कुमार सिंह, तहसीलदार अंकित गिरि, नायब तहसीलदार अभिनय सिंह, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह समेत तहसील कर्मी और अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।