मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में काम करते वक्त एक मजदूर करंट से झुलस गया। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दिया है।
करंट की चपेट में आकर जान गंवाने वाला मजदूर अमृत सिंह उर्फ रजत मैनाठेर के लालपुर गंगवारी गांव निवासी था। परिवार में पत्नी नीतू और तीन बेटे पांच वर्षीय भुवनेश तीन वर्षीय संयम और दो माह का लव है। पिता चंद्रसेन बताया कि बुधवार को अमृत मझोला थानाक्षेत्र में माता मंदिर के पास जीने में स्टील की रेलिंग लगाने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अमृत सिंह को करंट लग गया था। उसे दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पताल मेें भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गुरुवार दोपहर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मझोला थाने के कार्यवाहक प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।