बिलारी में चुनावी शोर के बीच दबंगों का एक कारनामा सामने आया है। दबंगों ने पुराने महिला अस्पताल के भवन को तोड़ दिया। चिकित्सा अधिकारी के आवास को छोड़कर पूरा भवन गिरा दिया। यही नहीं भवन का मलबा भी उठा ले गए। जबकि इस मामले से सेहत महकमा बेखबर रहा। वर्ष 1990 में आठवें वित्त आयोग के तहत बिलारी में महिला अस्पताल का निर्माण कराया गया था। अस्पताल की ओपीडी 370 वर्ग मीटर में बना था।
जबकि वार्ड 360 वर्ग मीटर, एएनएम ट्रेनिंग सेंटर 101 वर्ग मीटर, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी का आवास 108 वर्ग मीटर और चिकित्सा अधिकारी आवास 100 वर्ग मीटर में बनाया गया था। नई बिल्डिंग बनने के बाद इसकी उपयोगिता कम हो गई। पिछले दिनों दबंगों ने चिकित्सा अधिकारी का आवास छोड़कर पूरा भवन गिरा दिया। दबंगों ने भवन को मलबा को भी वहां से हटा दिया। इसकी स्वास्थ्य विभाग को भनक तक नहीं लगी।
वहीं दबंगों का ये कारनामा चुनावी शोर में दबा रहा। लेकिन अब उजागर हो गया है। डिप्टी सीएमओ डा. रंजन गौतम ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है। भवन गिराने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।