बिलारी। नगर के मोहल्ला ठाकुरान में वार्ड संख्या दस की आबादी में पहले से ही एक मोबाइल कंपनी का टावर लगा होने के बावजूद दूसरी मोबाइल कंपनी द्वारा इसी मोहल्ले में अपना मोबाइल टावर लगाने पर पूरे मोहल्ले के लोगों में नाराजगी है।
शनिवार दोपहर वार्ड संख्या दस की अनेक महिलाओं ने तहसील कार्यालय, नगरपालिका और थाने में पहुंचकर अधिकारियों से मिलकर ज्ञापन दिया। नगरपालिका के वार्ड दस की पूर्व सभासद रोशन वारसी के नेतृत्व में पहले तो महिलाएं तहसील में एसडीएम कार्यालय पर पहुंची और प्रदर्शन किया। यहां महिलाओं ने एसडीएम न्यायिक विनय कुमार पांडेय को अपनी मांगों का ज्ञापन दिया। बाद में महिलाओं ने नगरपालिका परिषद कार्यालय पहुंचकर पालिका की ईओ को मांगों का ज्ञापन दिया।
दोपहर में सभी महिलाएं थाना बिलारी में चल रहे थाना समाधान दिवस में पहुंच गईं। यहां तहसीलदार और थाना प्रभारी को अपनी मांगों का ज्ञापन दिया। ज्ञापन में यही बात दोहराई गई कि उनके मोहल्ले में पहले से लगे मोबाइल टावर से मोहल्ले वालों को काफी असुविधा हो रही है और कई तरह की बीमारियां भी फैल रही हैं। अब घनी आबादी में दूसरी कंपनी का मोबाइल टावर लगा दिए जाने से काफी दिक्कत होगी। ज्ञापन में पुलिस प्रशासन से मांग की गई कि जन भावनाओं को देखते हुए ठाकुरान वार्ड दस में नया मोबाइल टावर न लगने दिया जाए। ज्ञापन देने और प्रदर्शन करने वालों में रोशन वारसी, राबिया वारसी, सरताज जहां, नईमा, अफसाना, साहिबा, रोशन जहां, नाजरीन, शहरबानो, गुलफ्शां, रूकसाना, इकरा, सायरा, शकीला, नरर्गिस, शबाना आदि मुख्य थीं।