मुरादाबाद। फकीरपुर पुलिस चौकी में तैनात दो सिपाहियों पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए अदालत में परिवाद दायर कराया है। जिसमें महिला ने आरोप लगाया है कि सिपाही उसके घर में घुस आए और उसके साथ छेड़खानी की। इसके बाद बाइक पर बैठाकर चौकी ले गए, यहां डेढ़ लाख रुपये लेकर उसे छोड़ दिया। अदालत ने परिवाद पर सुनवाई के लिए 11 जुलाई तय की है।
परिवाद दायर कराने वाली महिला सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के एक मोहल्ले की है। उसकी ओर से अधिवक्ता आनंद मोहन गुप्ता ने अदालत में परिवाद दायर कराया है। जिसमें महिला ने आरोप लगाया कि 16 जून 2022 को फकीरपूरा पुलिस चौकी पर तैनात दो पुलिस कर्मी राहुल और राधा रमन शाम करीब सात बजे उसके घर में घुस गए। वह महिला के पति के बारे में जानकारी लेने लगे, जब उन्हें बताया कि वह घर में नहीं हैं तो वह कमरे में घुस गए। उस समय महिला कमरे में अकेली थी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने महिला के साथ छेड़खानी की। जब महिला ने शोर मचाया, तब उसकी सास ने आकर उसे बचाया। इसके बाद दोनों पुलिसकर्मी महिला को बाइक पर बैठाकर पुलिस चौकी ले आए। जब उसकी सास उसे छुड़ाने के लिए गई तो उससे दो लाख रुपये की मांग की गई। पीड़िता का दावा है कि उसकी सास ने किसी तरह डेड़ लाख रुपये की व्यवस्था की और चौकी पर लाकर पुलिस कर्मियों को दे दिए। इसके बाद भी दोनों पुलिस ने शेष पचास हजार रुपए की मांग की। सुबह तक रुपये लेकर आने को कहा। इसी बीच महिला को छोड़ दिया जाएगा। सुबह जब महिला की सास शेष रुपए ले कर गई, तब महिला वहां मौजूद नहीं थी। अदालत में प्रस्तुत दावे में यह भी आरोप लगाया गया है कि पुलिसकर्मियों ने रात्रि मे महिला के अश्लील फोटो खींच लिए थे और धमकी दी कि अगर कोई कार्रवाई की तो तेरे पति को संगीन मुकदमे में जेल भेज देंगे। महिला मानसिक रूप से परेशान होकर राजस्थान स्थित एक मंदिर पर चली गई थी। जिसे उसके परिवार वाले लेकर आए थे। अधिवक्ता आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि इस मामले में अदालत के समक्ष वाद प्रस्तुत किया गया था। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विमल वर्मा ने सुनने के बाद दोनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ परिवाद दर्ज कर लिया है। इस मामले में अब 11 जुलाई को सुनवाई होगी।