मुरादाबाद। जिला निर्वाचन कार्यालय में मतदाता फार्म जमा करने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची। लाइन लंबी थी लिहाजा बच्चे को गोद में लेकर घंटों इंतजार भी किया। महिलाओं का कहना था कि आज फार्म जमा करना जरूरी था। हालांकि शाम के समय चुनाव आयोग ने दावे और आपत्तियों को दाखिल करने का समय बढ़ा दिया।
नोटिस मिलने के बाद मतदाता फार्म जमा करने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय पर शुक्रवार की सुबह से ही महिलाएं और पुरुष दो अलग अलग लाइनों में लगे हुए थे। कुछ महिलाएं गोद में अपने अपने बच्चों को लेकर खड़ीं थीं। उनका कहना था कि देहात से आए हैं। अब फार्म जमा करके ही जाना है। मूंढापांडे ब्लॉक के खबरिया भूड़ से आई एक दर्जन महिलाओं का कहना था कि उनको ग्राम प्रधान ने फार्म जमा करने के लिए भेजा है। इसमें सुमन, राजबाला, रूबी, राजवती, शबाना, साहिबा, जुबेदा, सीमा गुलबहार, अरमाना, नसरीन, चांदनी, निशा अपने बच्चों को लेकर सुबह ही निर्वाचन कार्यालय आ गई थी। लाइन में लगे दलपतपुर के वासित, हमीरपुर के बरकत अली और किशोर ने बताया कि वे दूसरी बार फार्म भर कर आए हैं। नोटिस में कहा गया था कि पहचान पत्र न होने के कारण फार्म अधूरा था। कुछ लोग लाइन से अलग हटकर धूप में खड़े थे, ताकि लाइन में संख्या कम होने पर अपना फार्म जमा कर सकें।
टोकन व्यवस्था के चलते सदर तहसील में कम आई भीड़
सदर तहसील में टोकन व्यवस्था लागू होने के कारण शुक्रवार को भीड़ कम आई। यहां एसडीएम डॉ. राम मोहन मीणा मतदाताओं को कुर्सी पर बैठाकर एक एक ही समस्या सुन रहे थे। उन्होंने पूछने पर बताया कि भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए टोकन व्यवस्था लागू की गई है। प्रत्येक तहसीलदार अपने अपने कार्यालयों में बैठकर सुनवाई कर रहे हैं। फार्मों को जमा करा रहे हैं। वह खुद एक एक व्यक्ति को कुर्सी पर बैठाकर उनकी समस्याएं पूछकर फार्म जमा करा रहे हैं। शाम के समय चुनाव आयोग ने दावे और आपत्तियों की सीमा एक माह तक बढ़ाने की घोषणा कर दी। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।