ठाकुरद्वारा। गांव राजूपुर कला में बुधवार को सत्संग की दावत में गई महिला हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गई। इससे समारोह में अफरातफरी मच गई।
गांव निवासी मास्टर हिम्मत सिंह ने सत्संग का आयोजन किया था। सत्संग के बाद उन्होंने अपने घर की छत पर बुधवार दोपहर में दावत का कार्यक्रम आयोजित किया था। हिम्मत सिंह के मकान के छत से सटकर हाईटेंशन विद्युत लाइन जा रही है। मास्टर हिम्मत सिंह के परिवार की सीमा (30) पत्नी योगेश कुमार भी दोपहर करीब 1:00 बजे दावत खाने के लिए वहां गई थी।
सीमा दावत खाकर नीचे उतरने के लिए जा रही थीं तभी वे हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आ गईं। उनको करंट का तेज झटका लगा और वे छत पर बेहोश होकर गिर गईं।
करंट से सीमा बुरी तरह झुलस गईं। इस दाैरान हाईटेंशन लाइन का तार भी टूट गया। इससे लाइन में फॉल्ट से विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। लोगों का कहना है कि विद्युत आपूर्ति बंद नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। परिजन करंट से झुलसी सीमा को लेकर नगर के सरकारी अस्पताल में पहुंचे। वह लगभग 30 प्रतिशत झुलस गई थी।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बाद में उसे नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।