मुरादाबाद। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने शुक्रवार शाम बिलारी थाने में तैनात महिला दरोगा बबीता गंगवार और भोजपुर थाने में तैनात सिपाही फिरदौस को निलंबित कर दिया। महिला दरोगा पर आरोप है कि उन्होंने एक अधिवक्ता के साथ अभद्रता की थी, जबकि सिपाही ने थानेदार के नाम पर एक वादी से लैपटॉप की मांग की है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
उप निरीक्षक बबीता गंगवार की बिलारी थाने में तैनाती थी। बिलारी निवासी अधिवक्ता धर्मेंद्र शर्मा ने एसएसपी प्रभाकर चौधरी और एसपी देहात विद्या सागर मिश्र से उप निरीक्षक बबीता गंगवार की शिकायत की थी। जिसमें उन्होंने बताया कि उनके संबंध में कोई जांच थी। जिस पर महिला दरोगा ने खुद के बजाये अपने किसी परिचित से फोन करवाया। फोन करने वाले युवक ने भी खुद को दरोगा बताते हुए उनसे बात की। इस बीच अधिवक्ता के साथ अभद्रता की गई। बाद में महिला दरोगा ने भी अभद्रता की। एसएसपी ने इस मामले की जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए गए। जबकि एक व्यक्ति ने एसएसपी से भोजपुर थाने में तैनात सिपाही फिरदौस की शिकायत की थी। जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया था कि सिपाही फिरदौस ने जांच के नाम पर लैपटाप की मांग की है। सिपाही ने लैपटॉप थानेदार के नाम पर मांगा था। जांच में आरोप सही पाए गए। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि महिला दरोगा बबीता गंगवार और सिपाही फिरदौस को निलंबित कर दिया गया है। इनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।