मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा के शरीफ नगर में चार साल के मासूम मिलन को किसी महिला ने गला घोंटकर मौत के घाट उतारा था। पोस्टमार्टम के दौरान मिलन के गले पर मिले नाखूनों का गहराई से अध्ययन किया गया तो पाया कि नाखून किसी महिला के हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने पांच महिलाओं से पूछताछ की है। हालांकि अभी तक कोई पुख्ता सबूत पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
ठाकुरद्वारा के शरीफ नगर निवासी संजीव कश्यप मेहनत मजदूरी करते हैं। दो फरवरी को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उनका बेटा मिलन (03) घर के बाहर से खेलते समय लापता हो गया था। पांच घंटे बाद बच्चे का शव घर के पीछे तालाब के किनारे पड़ा मिला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। जिससे पता चला था कि मासूम को गला घोंटकर मौत के घाट उतारा गया था। इसके अलावा मासूम के गले पर भी नाखूनों के निशान मिले थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक टीम की जांच पड़ताल के बाद ये बात साफ हो गई कि नाखून के निशान किसी महिला के हैं। इस मामले में अहम बात यह रही कि जब शुरू में परिजनों ने तलाश की थी तो इस तालाब के किनारे बच्चे का शव नहीं था। दोबारा की तलाश में वहां शव मिला। यानी बच्चा कहीं आसपास ही था। पुलिस को आशंका है कि जब हत्यारे को यह पता चला होगा कि बच्चे की तलाश शुरू हो गई है तो नजदीक ही शव फेंक दिया गया। महिला के नाखूनों की पुष्टि के बाद पुलिस ने अब इस लाइन पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी का कहना है कि संदेह के घेरे में आए लोगों से पूछताछ की जा रही है। इनमें महिलाएं भी हैं।