मूंढापांडे (मुरादाबाद)। थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दलपतपुर रजेड़ा नदी के पुल पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। इस हादसे में आरती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
संभल जिले के हजरत गढ़ी थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी पुष्पेंद्र सिंह नोएडा में नौकरी करता है। बताया जा रहा है कि पुष्पेंद्र बुधवार की शाम अपनी पत्नी आरती को बाइक से लेकर नोएडा से लौट रहा था। पुष्पेंद्र बाइक से ही अपनी ससुराल रामपुर के मिलक थाना क्षेत्र के लाडपुर का मजरा जा रहा था।
बुधवार की शाम रजेड़ा नदी के पुल पर डंपर ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में आरती (27) सड़क पर गिर गई। उसके ऊपर डंपर का पहिया चढ़ गया जिससे उसकी मौत हो गई जबकि पुष्पेंद्र गंभीर रूप घायल हो गया। एसएचओ मोहित चौधरी ने बताया कि चालक को हिरासत में लेने के बाद डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। संवाद