मतलबपुर फायरिंग रेंज पर जीआरपी के एक दिवसीय फायरिंग अभ्यास के दौरान इंसास से चली गोली ढ़ाई किलोमीटर दूर खेत में काम कर रही एक महिला के पैर में जा लगी। चार लोग बाल बाल बचे। इससे हडकंप मच गया। परिजन घायल महिला को उपचार के लिए सीएचसी के बाद जिला अस्पताल लाए, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है, हालांकि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। मंगलवार को कांठ के मतलबपुर फायरिंग रेंज पर जीआरपी के जवान इंसास राइफल से फायरिंग का अभ्यास कर रहे थे।
सुबह करीब नौ बजे किसी जवान की राइफल की गोली रेंज से बाहर निकलकर करीब एक किलोमीटर दूर खेत में गन्ने की बोआईकर बेटे कुलवीर, दीपू, बेटी रचना तथा बटाईदार नवीहसन, नजमुल के साथ लौट रही सुमन (47) पत्नी देवराज सिंह निवासी खलीलपुर कद्दीम थाना कांठ को लग गई। जिससे हडकंप मच गया।
गोली लगते ही सुमन जमीन पर गिर गई। गोली दांये पैर में घुटने से ऊपर लगी थी। परिजन किसी तरह उसे उठाकर गांव तक लाए। फिर वाहन से इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। गोली अंदर फंसी हुई थी। चिकित्सकों ने ऑपरेशन की आवश्यकता बताते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
वहां से बेहतर इलाज के लिए परिजन कॉसमॉस अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर गोली को बाहर निकाल दिया है। सूचना पर कांठ पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस ने घटना का मुआयना भी किया है। फिलहाल परिजनों ने कोई कार्रवाई नहीं की है।