कुंदरकी। शनिवार की रात कुंदरकी थाना क्षेत्र के एक ग्राम में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। ससुराल वालों का कहना है कि वह इन्वर्टर का तार लगा रही थी तभी करंट लग गया, हालत बिगड़ने पर इलाज के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
अमरोहा जिले के एक गांव निवासी युवती की दो वर्ष पहले कुंदरकी थाना क्षेत्र के एक ग्राम निवासी युवक से हुई थी। बताते है कि शनिवार की शाम परिवार वाले गांव में ही दूसरे मकान पर गए हुए थे जबकि महिला घर पर अकेली थी। ससुराल वालों के अनुसार घर में वह इन्वर्टर का तार लगा रही थी। तभी अचानक तेज करंट लग गया। ससुरालवाले महिला को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं सूचना पर मायके वाले आए तो उन्होंने महिला की मौत पर संदेह जताते हुए ससुराल वालों पर आरोप लगाया। जिसके बाद पुलिस बुला ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। महिला को दो माह की बेटी है। थाना प्रभारी जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि महिला के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है लेकिन इस प्रकरण में जांच कर रही है।