ठाकुरद्वारा। महिला को झांसा देकर दो तांत्रिकों ने सोने के कुंडल ठग लिए। महिला के रिश्तेदार शरीफनगर निवासी पूर्व वार्ड मेंबर खुर्शीद अहमद ने बताया कि गांव सबलपुर दूल्हापुर निवासी जरीना (70) रविवार को सुबह करीब ग्यारह बजे दवाई लेने के लिए शरीफ नगर में आई हुई थी। तभी बाइक सवार दो युवक उसे मिले उन्होंने अपने को तांत्रिक बताया। उसके परिवार पर किसी खराब आत्मा का साया बताकर कर उसे एक गली में ले गए और वहां पर झांसा देकर उससे सोने के कुंडल ठग लिए। जिनकी कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है। महिला की जानकारी देने पर खुर्शीद अहमद ने इसकी सूचना 112 डायल पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की लेकिन आरोपियों का पता नहीं लग सका। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।