ठाकुरद्वारा। पांच लाख रुपये और कार की मांग को लेकर महिला को उसके ससुराल वालों ने मारा पीटा। पुलिस ने आरोपी पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला होलिका मंदिर निवासी छाया कुमारी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका विवाह 20 फरवरी 2025 को उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर के जसपुर के मोहल्ला पट्टी चौहान निवासी शिवम कुमार से हुआ था। शादी में मिले दहेज से उसके ससुराल वाले खुश नहीं थे। उन्होंने उस पर अपने मायके से वैगन आर कार और पांच लाख रुपये नकद लाने का दबाव डालना शुरू कर दिया। मांग को लेकर वह उसका उत्पीड़न करने लगे। इसका पता चलने पर मायके वाले पीड़िता की ससुराल पहुंचे तो ससुराल वालों ने मायके वालों के साथ मारपीट की। इसके बाद से पीड़िता अपने मायके में रहने लगी। पीड़िता का आरोप है कि 25 मई को उसका पति और ससुराल वाले उसके मायके में आए। मांग को लेकर उस पर जोर देने लगे, मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर उन्होंने उसे मारा पीटा। पुलिस ने पीड़िता के पति, ससुर देवेंद्र सिंह, सास आशा, देवर कपिल और रितिक व भाभी पूनम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि दर्ज रिपोर्ट की विवेचना की जा रही है। संवाद