कुंदरकी। ग्राम जैतपुर पट्टी के रकबे में भीषण गर्मी के दौरान एक किसान खेत पर गश खाकर गिर गया। वह शनिवार की दोपहर में दो घंटे तक धूप में ही पड़ा रहा है जिसके चलते उसकी मौत होना बताई जा रही है। कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम जैतपुर पट्टी निवासी बबलू सैनी (38) पेशे से किसान था। जानकारी के अनुसार बबलू शनिवार की सुबह छह बजे घर से मुरादाबाद मंडी को जाने के लिए निकला था लेकिन जिस गाड़ी से उसे जाना था वह मंडी को पहले ही जा चुकी थी। इसके बाद बबलू से खेत पर चला गया था।
वहां अत्यधिक गर्मी पड़ने की वजह से वह गश खाकर गिर गया और दोपहरी में करीब दो घंटे धूप में पड़ा रहा है। जब शाम में कुछ युवक ट्यूबवेल पर नहाने गए तो उन्होंने बबलू को खेत पर पड़ा देखा, जबकि बबलू को उसको पत्नी राजेश्वरी पहले से तलाश रही थी।
सूचना मिलने पर परिजन जंगल में पहुंचे और आनन-फानन बबलू लेकर घर आए लेकिन उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी। माना जा रहा कि धूप में पड़े रहने की वजह से बबलू सैनी की जान गई है।
इस बावत परिजनों ने किसी तरह से कार्रवाई नहीं कराई बल्कि शनिवार की देर रात किसान के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष जोगेंद्र तेवतिया ने बताया कि खेत पर किसान की मौत होने की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचा था। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।